Online होगी राशन कार्ड आवेदन प्रक्रिया: मंत्री रेखा आर्या की बड़ी घोषणा

Online होगी राशन कार्ड आवेदन प्रक्रिया

प्रदेश में राशन कार्ड बनवाने की आवेदन प्रक्रिया अगले साल से पूरी तरह ऑनलाइन हो जाएगी। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय के एफआरडीसी सभागार में विभागीय अधिकारियों की बैठक में यह निर्देश दिए।

राशन विक्रेताओं के भुगतान और बिलिंग

मंत्री ने बताया कि राशन कार्ड प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की विसंगति दूर करने के लिए आवेदन से लेकर अनुमोदन तक पूरी व्यवस्था को डिजिटल किया जाएगा। साथ ही राशन विक्रेताओं के भुगतान और बिलिंग प्रक्रिया को भी ऑनलाइन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मई तक का लाभांश सभी जनपदों में वितरित किया जा चुका है और अगले तीन महीने का लाभांश 2–3 दिनों में जारी कर दिया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि इस वर्ष अब तक केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 98% धान की खरीद हो चुकी है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार से पत्राचार जारी है, ताकि प्रदेश के शेष धान किसानों की फसल भी एमआरपी पर खरीदी जा सके।

बैठक में मंत्री रेखा आर्या ने निर्देश दिया कि नए राशन कार्ड बनाते समय केवल आवेदन की पुरानी तिथि को आधार न बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सबसे अधिक जरूरतमंद व्यक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर राशन कार्ड उपलब्ध कराए जाएं। इस क्रम में उन्होंने विकलांग, तलाकशुदा, परित्यक्त महिलाएँ, अनाथ और मानसिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में खाद्य सचिव एल. फैनई, खाद्य आयुक्त रणवीर चौहान, अपर आयुक्त पी.एस. पांगती, राशन डीलर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रेवाधार बृजवासी, अन्य अधिकारी तथा राशन विक्रेताओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *