रुड़की में पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग लड़के के हत्याकांड का खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में मृतक लड़के की नाबालिग प्रेमिका और लड़की के एक दोस्त को गिरफ्तार किया है. दरअसल प्रेमिका ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर किशोर की हत्या करवाई. इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसकी हत्या कर लाश को गंगनहर में धकेल दिया था.

आखिर क्या है पुरा मामला जानिए…
13 अगस्त को रुड़की निवासी एक व्यक्ति ने अपने 17 वर्षीय बेटे के लापता होने के संबंध में गंगनहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी. तहरीर में बताया कि उनका बेटा 10 अगस्त रात 8 बजे घर से बाइक लेकर निकला था जो अभी तक वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ है.पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज करते हुए लड़के की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पाया गया कि गुमशुदा लड़के का प्रेम प्रसंग रुड़की निवासी किशोरी के साथ चल रहा था. किशोरी उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन लड़के के परिजनों ने दोनों की उम्र कम होने की वजह से रिश्ते के लिए मना कर दिया. पुलिस की जांच आगे बढ़ी जहां पता चला कि लड़की का संपर्क एक अन्य व्यक्ति राजा शर्मा उर्फ सुखविंदर नामक युवक से भी था, जिस वजह से उनपर शक गहरा गया.एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करने के लिए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने जांच में पाया कि मृतक ने पिछले कुछ समय से शादी की बात को लेकर किशोरी से दूरी बनाना शुरू कर दिया था. हालांकि, वो किशोरी के साथ दोस्ती के दौरान कई बार संबंध भी बना चुका था. इसी बीच किशोरी की दोस्ती उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी राजा शर्मा उर्फ सुखविंदर से हो गई., लड़की से लगातार संबंध बनाने के लिए दबाव डालने वाली बात राजा शर्मा को बताई. जिस पर राजा शर्मा ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर लड़के (लड़की का प्रेमी) को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया.इसके बाद राजा अपने दोनों दोस्तों के साथ लड़के (मृतक) को अपने साथ मेरठ के पास स्थित छोटा हरिद्वार के पास नहर पटरी पर ले गया. जहां रात करीब 1 बजे राजा शर्मा और उसके साथियों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और उसकी लाश को गंगनहर में फेंककर उसकी बाइक लेकर फरार हो गए.

पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी और मोहसीन (निवासी मोदीनगर उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब मुख्य आरोपी राजा और उसके साथी की तलाश में जुटी है. पुलिस ने बताया कि राजा और मोहसीन दोनों बालिग हैं, जबकि तीसरा साथी नाबालिग है.

