रामनगर। कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को बदनाम कर धमकी देने और जबरन वसूली करने वाले शातिर अभियुक्त बिरजू मयाल को हल्द्वानी के रामपुर रोड हाईवे से गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के मुताबिक, बिरजू मयाल के खिलाफ एक ही दिन में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पहला मामला: ग्राम ढिकुली निवासी राकेश नैनवाल ने तहरीर दी कि बिरजू मयाल ने उन्हें मां-बहन की गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इस पर FIR संख्या 279/25, धारा 351(3)/352 BNS में मुकदमा दर्ज किया गया।
दूसरा मामला: शिवलालपुर निवासी दिनेश मेहरा ने बताया कि बिरजू ने उससे ₹10,000 की मांग की। पैसा न देने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। इस पर FIR संख्या 280/25, धारा 308(2)/351(3) BNS में मुकदमा दर्ज हुआ।
तीसरा मामला: भरतपुरी निवासी नीमा देवी ने शिकायत दी कि 13 जुलाई को बिरजू मयाल और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। बीच-बचाव करने पर बिरजू ने उनके साथ छेड़छाड़, गाली-गलौज और धमकी दी। इस पर FIR संख्या 281/25, धारा 74/115(2)/351(3)/352 BNS में मुकदमा दर्ज हुआ।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ और भी शिकायतें सामने आ सकती हैं। वहीं, बिरजू मयाल के समर्थक इसे साजिश करार दे रहे हैं।