डालनवाला थाना में औचक निरीक्षण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के डालनवाला पुलिस स्टेशन के औचक निरीक्षण के दौरान थानेदार को ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर तत्काल लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख़्त शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था और जनसेवा में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई होगी।विभिन्न बैठकों के उपरांत मुख्यमंत्री श्री धामी अचानक पुलिस स्टेशन पहुंचे और वहां की संपूर्ण कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित डालनवाला पुलिस स्टेशन का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने में आए शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और पुलिसकर्मियों को शिकायतों को जिम्मेदारी के साथ दर्ज कर त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री महिला हेल्प डेस्क भी पहुंचे, जहां उन्होंने महिला फरियादियों से संवाद कर महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और त्वरित कार्रवाई को अनिवार्य बताया।
मुख्यमंत्री ने एफआईआर रजिस्टर, ड्यूटी रजिस्टर और उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण कर लंबित मामलों और फॉलोअप की स्थिति की जानकारी ली। थाने के कारागार में गंदगी और अव्यवस्था पर नाराज़गी जताते हुए उन्होंने तत्काल साफ-सफाई के निर्देश दिए। वाहन जांच, वेरिफिकेशन ड्राइव और अपराध नियंत्रण की समीक्षा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी गई। ट्रैफिक व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिम्मेदारी तय करने के आदेश दिए गए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर एसएसपी देहरादून ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

